दौसा में भीषण सड़क हादसा : खाटू श्याम मंदिर से लौटते समय पिकअप और ट्रेलर में हुई टक्कर,11 की मौत, 20 से अधिक घायल

Aug 13, 2025 - 09:34
 0  11
दौसा में भीषण सड़क हादसा : खाटू श्याम मंदिर से लौटते समय पिकअप और ट्रेलर में हुई टक्कर,11 की मौत, 20 से अधिक घायल

दौसा। राजस्थान के दौसा में नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं। मृतकों में 7 बच्चे भी शामिल हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार यह हादसा खाटू श्याम मंदिर से लौटते समय रात लगभग 3:30 बजे हुआ।पिकअप वाहन और ट्रेलर की भिड़ंत के कारण हुई इस दुर्घटना में कई घायल लोगों की हालत गंभीर है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय पुलिस और दौसा प्रशासन ने घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में भर्ती कराया है।

मृतकों में 4 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल लगभग 20 में से 8 लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 4 से 5 लोगों को आईसीयू में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही दौसा के कलेक्टर देवेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक सागर राना भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। हादसे में मरने वालों में पूर्वी (3) पुत्री संजीव, प्रियंका (25) पत्नी संजीव, दक्ष (5) पुत्र जयप्रकाश, शीला पत्नी जयप्रकाश, अंशु (26) पुत्र संतोष, सीमा (23) पत्नी मनोज, मनोज (25) पुत्र लाखन, नैतिक (8) पुत्र सौरभ, प्रियंका पत्नी लाखन, रीता (26) पत्नी सौरभ, लक्ष्य (7) पुत्र सौरभ, नीरज (20) पत्नी जशवंत, सौरभ (26) पुत्र खूबकरण शामिल हैं। सौरभ (32) पुत्र ज्ञान सिंह राजपूत गंभीर घायल हुए हैं. इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर कर दिया है।

दौसा एसपी ने बताया कि यह हादसा रात 3:30 से 4 बजे के बीच हुआ। मृतक सभी उत्तरप्रदेश के एटा जिले के निवासी थे। कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि ये यात्री खाटू श्यामजी के दर्शन करके उत्तरप्रदेश की तरफ जा रहे थे। उन्होंने कहा कि अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 8 लोगों को जयपुर रैफर किया गया है। इसके अलावा 4 मरीज जिला अस्पताल में इलाजरत हैं। गौरतलब है कि सवारियों से भरे पिकअप वाहन और ट्रेलर के बीच हुई टक्कर के कारण ये भीषण हादसा हुआ

टैंकर के पीछे टकराई पिकअप
जानकारी के अनुसार बैसई थाना क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई है। इसमें यात्रियों से भरी पिकअप यहां कंटेनर के पीछे वाले हिस्से से टकराई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बेहद व्यस्त रोड है इसलिए आम तौर पर यहां गाड़ियां ओवरटेक नहीं कर पाती लेकिन संभवत: रात में नींद की झपकी आने की वजह से यह हादसा हो गया। मौके पर पहुंचने वाले लोगों ने बताया कि पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर ट्रोले के पीछे से टकराया है।

सीएम ने दुख जताया

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ट्वीट करके हादसे पर दुख जाताया है। उन्होंने कहा- दौसा में भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद है। जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0